सहारनपुर के नानौता क्षेत्र के ग्राम कचराई में गंगोह-देवबंद मार्ग पर बीती रात हुई टैंकर और ट्रैक्टर की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दिल्ली-यमनौत्री हाईवे स्थित संजय चौक पर आरोपी टैंकर चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग करते हुए जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे बसपा पूर्व विधायक और नायब तहसीलदार ने उच्चाधिकारियों से बातचीत कर लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। बृहस्पतिवार की रात करीब 8 बजे नानौता क्षेत्र के ग्राम पठानपुरा, ढाकादेई और रामपुर मनिहारान के ग्राम चर्रोह से ट्रैक्टर-ट्रॉली से मजदूर उत्तराखंड के झबरेडा
स्थित एक ईंट भट्टे पर जा रहे थे। जैसे ही टैक्टर-ट्रॉली नानौता क्षेत्र के ग्राम कचराई के निकट पहुंची तो देवबंद की और से आ रहे टैंकर ने उसमें टक्कर मार दी।
इसमें ग्राम पठानपुरा निवासी विपिन पुत्र रामकिशन, नानौता के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी आजाद पुत्र ताहिर और थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के ग्राम चर्रोह निवासी शाहरुख पुत्र इस्लाम की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि हादसे में क्षेत्र के ग्राम पठानपुरा निवासी मिंटू पुत्र जनेश्वर, अमित पुत्र ओमपाल और मुल्कीराज पुत्र मांगेराम निवासी ग्राम ढाकादेई थाना नानौता गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें सीएचसी नानौता पर लाया गया। गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रैफर किया।
इसके बाद परिजन और काफी संख्या में ग्रामीण सीएचसी नानौता पर पहुंचे। जहां उन्होंने आक्रोश जताते हुए दिल्ली-यमनौत्री हाईवे स्थित संजय चौंक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। साथ ही आरोपी टैंकर चालक के विरुद्ध कार्रवाई और पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग की।
जाम की सूचना मिलते ही आस-पास के थानों का फोर्स नानौता पहुंच गया। बसपा के पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा, जिला प्रभारी जगपाल सिंह, गंगोह विधान सभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ओलरी पूर्व प्रधान पठानपुरा शाहिद खान, प्रधान नवीन कुमार सहित काफी संख्या में जनप्रतिनिधि भी जाम स्थल पर पहुंच गए।
इस दौरान पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा और नायब तहसीलदार चंद्रकांता द्वारा उच्चाधिकारियों से मोबाइल पर वार्ता कर उचित मुआवजा दिलाने और आरोपी टैंकर चालक के विरुद्ध कार्रवाई कराने के आश्वासन पर करीब डेढ़ घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
वहीं, जाम लगने से दिल्ली-सहारनपुर और गंगोह-देवबंद मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। उधर, पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतक विपिन के भाई अरविश की तहरीर पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।