सोलर उर्जा से संचालित होने वाली दूधिया लाइट
- फोटो : SAHARANPUR
दूधिया लाइटों से जगमगाएंगी ग्राम पंचायतें
सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों को ओडीएफ प्लस बनाने की कवायद चल रही है। इसके तहत पंचायतों में सुंदरीकरण काम कराया जा रहा है। पंचायतों में सर्वे कराया जाएगा और अब सोलर उर्जा से संचालित दूधिया लाइटें लगाई जाएंगी। इसको लेकर जिला पंचायत राज विभाग और जिला विकास विभाग ने रूपरेखा तैयार की है।
जनपद के 11 विकासखंडों की पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। इनमें से 500 के करीब सामुदायिक शौचालय बनकर तैयार हो गए हैं। बाकी मार्च तक पूरे करने का लक्ष्य है। सामुदायिक शौचालयों की जियो टेगिंग भी हो रही है। बेस लाइन सर्वे में भी 1500 परिवार चिन्हित किए गए हैं। जिनके यहां शौचालयों का निर्माण होना है। गांवों की गलियों को पेंटिंग के जरिए सुंदर बनाई जा रही है।
अब पंचायतों में सोलर दूधियां लाइटें लगाने का प्लान तैयार किया गया है। पहले भी कुछ पंचायतों में लाइटें लगाई गई थी लेकिन अब पंचायतों में और लाइटें लगाई जाएंगी। इसको लेकर जिला पंचायत राज विभाग सर्वे कराएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र राज सिंह व जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव ने बताया कि ग्राम पंचायतों में सोलर उर्जा से संचालित दूधिया लाइटें लगाने का प्लान तैयार किया जा रहा है। इससे पथ प्रकाश की व्यवस्था में सुधार होगा। इसको लेकर जल्द सर्वे होगा।