यमुना में डूबने से पशुपालक की मौत
गंगोह (सहारनपुर)। सनौली गांव के एक पशुपालक की यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से उसका शव नदी से बाहर निकाला जा सका।
क्षेत्र के गांव सनौली निवासी हंसराज उर्फ हरिचंद (60) सोमवार को यमुना नदी के किनारे पर मवेशियों को चराने के लिए गया था। जब देर शाम तक भी वह नहीं लौटा तो परिजनों को उसकी चिंता हुई और वे उसकी तलाश में यमुना नदी की तरफ निकल गए। काफी तलाश करने पर भी उसका कुछ पता नहीं चल सका। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में हंसराज की तलाश कराई। घंटों की तलाश के बाद गोताखोरों ने हंसराज को मृत हालत में पानी से बाहर निकाला। हंसराज की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनोें ने कानूनी कार्रवाई के बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।