नगर निगम स्थित आईसीसीसी से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखते पुलिसकर्मी
सहारनपुर। जिले भर में बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगे वाहन दौड़ रहे हैं। संभागीय परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की कार्रवाई के बावजूद चालक हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगवा रहे हैं। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ संभागीय परिवहन निगम और यातायात पुलिस विशेष अभियान चलाएगी।
चार वर्ष पूर्व शासन ने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन कोराना काल में वाहनों चालकों को छूट दे दी गई थी। मगर, स्थिति सामान्य होने पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के निर्देश दिए गए थे।
जनपद में करीब 8.50 लाख वाहन पंजीकृत हैं। इनमें से पांच लाख वाहनों पर ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगी है। यह स्थिति तब है, जब संभागीय परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई, लेकिन अब विशेष अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।
छह माह में काटे 3594 चालान, 1.70 करोड़ जुर्माना लगाया
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगवाने पर यातायात पुलिस ने छह माह में 3594 चालान किए हैं। इसके साथ ही 1.70 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इनमें कैमरों से भी बड़ी संख्या में चालान किए गए हैं। नगर निगम बने आई ट्रिपल सी से कैमरों के जरिए यातायात पुलिसकर्मी ऐसे वाहन चालकों पर नजर रख रहे हैं। वहीं, संभागीय परिवहन विभाग द्वारा भी टीमें बनाकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, यातायात प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगवाने वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती की जाएगी। एमपी सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन