बेहट के रायेपुर में वन गुर्जर के डेरे में लगी भयंकर आग
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव रायेपुर की नूर बस्ती में पूर्वी यमुना नहर के किनारे स्थित एक वन गुर्जर परिवार के डेरे में बुधवार की शाम अचानक आग लग गई। उनका सभी घरेलू सामान जल गया। ग्रामीणों की भीड़ ने आग पर काबू पाया।
आग शाम छह बजे के करीब लगी। गांव रायेपुर की नूरबस्ती में वन गुर्जर गामी का परिवार रहता है। उसने पूर्वी यमुना नहर के किनारे पर पिछले काफी समय से डेरा डाल रखा है। डेरे पर बनाये गए फूंस के गोलाकर घरों में अचानक आग गई। देखते ही देखते आग ने उसकी पशुशाला को भी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार ने पशुओं को पशुशाला से सुरक्षित निकाल लिया। पीड़ित ने बताया कि उसका सभी घरेलू सामान व अनाज आदि आग में जल गया। आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंची और अपने संसाधनों से आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की है।