जिला बाल्मीकि सभा की बैठक में भाग लेते पदाधिकारी
-आगामी निकाय चुनाव को लेकर जिला वाल्मीकि सभा ने की बैठक
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। आगामी निकाय चुनाव को लेकर एक ओर जहां राजनीतिक दल सक्रिय हैं। वहीं सामाजिक संगठन भी ताल ठोकने की तैयारी में हैं। जिला वाल्मीकि सभा ने चुनाव को लेकर शनिवार को बैठक की। सभा ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों पर वाल्मीकि समाज के प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने की मांग भाजपा से की है।
रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित सभा के मुख्य कार्यालय पर हुई बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विनोद घावरी ने की। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल वाल्मीकि समाज का वोट लेकर जीत जाता है, लेकिन बाद में वाल्मीकि समाज की सुनवाई नहीं होती है। वाल्मीकि समाज भारतीय जनता पार्टी का समर्थक रहा है और सभी चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में वोट कर उन्हें विजयी बनाता आ रहा है। इस बार भारतीय जनता पार्टी को चाहिए कि वह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों पर वाल्मीकि समाज के नेताओं को प्रत्याशी बनाए। बैठक में रघुवीर चंदेल, प्रीतम प्रेमी, दीपक बिरला, वनदान घावरी, आशीष, उदय, अनुज, मनोज, रविंद्र, रोहित, सोनू, विश्वंभर सिंह आदि मौजूद रहे।