-स्वास्थ्य विभाग में मची खलबली, दुरुस्त की जा रही व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। आगामी 12 अप्रैल को उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के सहारनपुर आने वाले की संभावना है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची है। जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
12 अप्रैल को जनमंच प्रेक्षागृह में प्रबुद्ध मतदाता सम्मेलन होना है। इस सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी अधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विभाग को उप मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिली तो विभाग में खलबली का माहौल है। स्वास्थ्य अधिकारी एसबीडी जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, टीबी अस्पताल से लेकर सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा रिकॉर्ड भी ठीक करने में जुटे हुए हैं। 10 अप्रैल को निकाय चुनाव प्रभारी असीम अरुण और 14 अप्रैल को प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के भी आने की संभावना है। संगठन और जिला प्रशासन के पास अभी तक तीनों ही मंत्रियों का कार्यक्रम नहीं आया है।