सहारनपुर। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस सभी विकास खंडों पर सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों से ऑनलाइन संवाद करेंगे।
सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह ने विकास भवन में आयोजित बैठक में कार्यक्रमों की समीक्षा कर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लाक स्तर पर पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिवस सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। प्रत्येक विकासखंड पर सुबह साढ़े दस से पौने बारह बजे तक प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों से ऑनलाइन संबोधित करेंगे। इसके अलावा कृषि, पशुपालन, उद्यान, दुग्ध, सहकारिता और गन्ना विभाग द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार मंडी परिषदों में भी कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री द्वारा किसानों से संवाद करने के बाद कृषि उत्पादन तकनीक व किसानों की हित में चल रही योजनाओं पर अधिकारी चर्चा करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि किसान गोष्ठी, मेला और प्रदर्शनी के आयोजन में कोविड-19 गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जाए। इस दौरान परियोजना निदेशक दुष्यंत कुमार सिंह, उपायुक्त स्वत: रोजगार अरुण कुमार उपाध्याय, उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र, सहायक निदेशक सूचना अवधेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी केएमएम त्रिपाठी मौजूद रहे।