-वैक्सीन नहीं होने से दो दिन प्रभावित रहा टीकाकरण
-स्वास्थ्य विभाग ने 50 हजार डोज की शासन में डिमांड भेजी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कोरोना से बचाव के लिए जिले में वैक्सीन खत्म हो गई है। ऐसे में पिछले दो दिन से टीकाकरण नहीं किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने 50 हजार डोज की डिमांड भेज दी है। बृहस्पतिवार यानि आज वैक्सीन आने की उम्मीद है।
सरकार का जोर है कि अधिक से अधिक लोगों को कोरोनारोधी टीके लगाए जाएं, लेकिन वैक्सीन की कमी से टीकाकरण का कार्य बीच-बीच में प्रभावित होता रहा है। अब फिर से वैक्सीन खत्म हो गई है। जिसके चलते पिछले दो दिन से केंद्रों पर टीकाकरण नहीं हो रहा है। आलम यह है कि जनपद स्तरीय कोल्ड चेन में तो एक भी डोज नहीं बची है, जबकि ब्लॉक स्तर के कोल्ड चेन में भी इतनी डोज नहीं है कि टीकाकरण किया जा सके। ऐसे में लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन नहीं लगाई जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग रिपोर्ट की मुताबिक, अभी तक 29,58,378 लोगों को पहली और 29,87,370 लोग कोरोना से बचाव के लिए दूसरी डोज लगवा चुके हैं। 7,30,858 लोग बूस्टर डोज लगवाकर कोरोना से सुरक्षित हो गए हैं। अब तक 66 लाख से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि वैक्सीन इतनी नहीं है कि टीकाकरण किया जा सके। दशहरा पर्व का छुट्टी होने से बुधवार को टीकाकरण नहीं किया गया। वैक्सीन की डिमांड भेज दी है। बृहस्पतिवार तक आ जाएगी।