सहारनपुर। एक भी टीका छूट, सुरक्षा चक्र टूटा.... स्वास्थ्य विभाग लगातार इसका प्रचार करता है, लेकिन जिले में एक दो नहीं बल्कि 9519 बच्चों का सुरक्षा चक्र टूट गया है। इसका खुलासा सात से 17 दिसंबर तक चले सर्वे में हुआ है। टीकाकरण बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए सुरक्षा चक्र का काम करता है। अब स्वास्थ्य विभाग तीन चरणों में अभियान चलाकर टीकाकरण से वंचित बच्चों का टीकाकरण कराएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 7,25,801 परिवारों का सर्वे किया। सर्वे में एक साल तक के 95,560, एक से दो साल के 96,543 और दो से पांच वर्ष तक के 2,82,035 मिले। इनमें 9519 बच्चे ऐसे थे, जिनका किसी न किसी बीमारी का टीका छूट गया है। इसके लिए अभिभावकों की लापरवाही तो सामने आई ही है। सवाल स्वास्थ्य विभाग पर भी उठ रहे हैं। यह भी सामने आया है कि टीकाकरण के बाद बच्चे को बुखार आता है, इसलिए अभिभावकों ने टीका नहीं लगवाया। इस भ्रांति को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के स्तर भी सार्थक की जरूरत है।
अब जनवरी, फरवरी और मार्च में होगा टीकाकरण
सर्वे के दौरान जो बच्चे नियमित टीकाकरण से वंचित मिले हैं, उनका टीकाकरण तीन चरणों में होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पूजा शर्मा ने बताया कि पहला चरण नौ जनवरी से 20 जनवरी, दूसरा चरण 13 फरवरी से 24 फरवरी और तीसरा चरण 13 मार्च से 24 मार्च तक चलेगा। इसमें बच्चों को टीके की सभी डोज से लाभान्वित कराएंगे।
--इन-इन बीमारियों से बचाते हैं टीके
-बीसीजी-टीबी रोग से बचाता है।
-हेपेटाइटिस बी-हेपेटाइटिस से बचाता है।
-ओपीवी-पोलियो रोग से बचाता है।
-पेंटा-काली खांसी, डिप्थीरिया, टिटनेस, हेपेटाइटिस बी एवं हिब इन्फेक्शन से बचाता है।
-पीसीवी-निमोनिया रोग से बचाता है।
-रोटा-दस्त रोग से बचाता है।
-एमआर-खसरा एवं रूबैला रोग से बचाता है।
-जेई-दिमागी बुखार से बचाता है।
-डीपीटी-काली खांसी, डिप्थीरिया और टिटनेस से बचाता है।
-जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए नियमित टीकाकरण जरूरी है। टीकाकरण परिवार और समुदाय को सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षा कवच का काम करता है। अपने शिशुओं का टीकाकरण करके हम अपने समुदाय के सबसे अधिक जोखिम ग्रस्त सदस्य (नवजात शिशु) की सुरक्षा करते हैं।
डॉ. संजीव मांगलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
विशेष टीकाकरण की सर्वे रिपोर्ट
कुल जनसंख्या 41,29,330
शून्य से पांच वर्ष के बच्चे 6,28,214
घरों की संख्या 7,01,401
सर्वे किए परिवारों की संख्या 7,25,801
शून्य से पांच साल के सर्वे किए बच्चे 4,74,138
पेंटा प्रथम की छूटी डोज 8,106
पेंटा द्वितीय की छूटी डोज 7,361
पेंटा तृतीय की छूटी डोज 6,962
मिजेल्स रूबेला प्रथम की छूटी डोज 8,539
मिजेल्स रूबेला द्वितीय की छूटी डोज 9,519
कुल डोज 40,487