सहारनपुर। कई दिनों से लगातार हो रही बरसात से जनपद में सब्जियों की फसल प्रभावित हुई हैं। बेल वाली सब्जियों की फसलों में 25 से 30 फीसदी तक नुकसान होने की आशंका है। इसके अलावा नीचे खेतों में खडी भिंडी, टमाटर और बैंगन आदि सब्जियों में भी खासा नुकसान हुआ है।
जनपद में बड़े स्तर पर सब्जियों की खेती होती है। इनमें करेला, खीरा, हरी मिर्च, बींस, लौकी, तोरी, बैंगन, भिंडी, गोभी और टमाटर आदि फसलें मुख्य हैं। लगातार हो रही बारिश से कई गांवों में बाढ़ की स्थिति होने से सब्जियों की फसलें अधिक प्रभावित हुई हैं। इसमें बेल वाली सब्जियों की फसलें प्रमुख हैं। नीचे के खेतों में जलभराव होने से इस समय चल रही बैंगन और भिंडी की फसलों में काफी नुकसान हुआ है। उद्यान विभाग के एक आकलन के अनुसार भारी बरसात और बाढ़ की स्थिति के चलते जनपद में सब्जियों की फसलों में 25 से 30 प्रतिशत तक का नुकसान होने के आसार हैं।
-
बोले किसान
गांव सिसौना निवासी सब्जी उत्पादक किसान मुन्त्याज ने बताया कि उसने दस बीघा करेला लगा रखा है। फसल में पानी भरने से इसमें से करीब पांच बीघा करेला की फसल जमीन पर गिर गई है। दूसरे खेत में भी पानी भरा हुआ है। वह बरसात से पहले प्रति सप्ताह में दस से 12 क्विंटल करेला तोड़कर मंडी में ला रहा था, लेकिन अब उत्पादन केवल चार से पांच क्विंटल ही रह गया है।
गांव बोहडूपुर निवासी किसान शहजाद ने खीरा लगा रखा है। लगातार हो रही बरसात से उसकी फसल प्रभावित हुई है, हालांकि फिलहाल खीरे का भाव 20-22 रुपये प्रति किलो है, लेकिन फसल खराब होने कारण बेल पर खीरा ही नहीं आ रहा। बारिश की यही हालत रही तो खीरे की फसल में और अधिक नुकसान होगा।
-
बेहट क्षेत्र के गांव हीराहेड़ी निवासी किसान ऋषिपाल का कहना है कि उसने पांच बीघा खेत में बैंगन लगा रखे हैं। फसल तैयार हो चुकी है, लेकिन बरसात से इसमें काफी नुकसान हो गया है। पिछले पांच दिन से हो रही बारिश से उसके खेत में जलभराव हो गया है, जिससे बैंगन की खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। फसल में काफी लागत लगी है इस नुकसान की भरपाई होना संभव नहीं है।
-
वर्जन
लगातार हो रही बरसात के चलते जिले में सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं। इनमें बेल वाली सब्जियों की फसल में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। जनपद में सब्जियों की फसल में 25 से 30 फीसदी नुकसान होने की आशंका है।
अरुण कुमार, जिला उद्यान अधिकारी।
-
- जनपद में सब्जियों का क्षेत्रफल हेक्टेयर में -
सब्जी क्षेत्रफल
टमाटर 100
भिंडी 100
बींस 20
खीरा 900
बैंगन 100
करेला 150
लौकी 250
हरी मिर्च 250
नोट: उद्यान विभाग के अनुसार।