मेले में प्रसाद चढ़ाते श्रद्धालु। ड्रम में एकत्र की गई शराब।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बा खरखौदा में आयोजित दो दिवसीय कंठी माता मेले के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पडी। मेले में जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मन्नत मांगी व मनोकामना पूर्ण होने पर प्रसाद भी चढ़ाया। अभी तक करीब 300 लीटर शराब कंठी माता को चढ़ाई जा चुकी है।
मेले में शरबत का भी वितरण किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
सैकड़ों वर्षों से लगातार चल रहे इस मेले के आयोजन में हिंदुओं समेत कई धर्मों के लोग सहयोग करते हैं। लोगों का मानना है कि यह मेला काफी प्राचीन समय से चला आ रहा है। मंदिर की मान्यता है कि जो श्रद्धालु इस मंदिर में सच्चे मन से मन्नतें मांगते हैं, उनकी मुराद पूरी होती है। पूजा-अर्चना ही नहीं, बीमार लोग भी इस मंदिर में पूजा अर्चना करने आते हैं।
नारियल व प्रसाद के साथ मंदिर में चढ़ाई जाती है शराब
मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय त्यागी ने बताया कि मनोकामना पूर्ण होने पर आसपास सहित दूसरे प्रदेश व अन्य जिलों से भी लोग मेले में पहुंचते हैं। मुख्य रूप से यहां पर नारियल चुनरी व प्रसाद ही चढ़ाया जाता है लेकिन इसके बावजूद इस मंदिर में प्रसाद के रूप में भारी मात्रा में शराब भी चढ़ाई जाती है। इस वर्ष भी करीब 300 लीटर शराब प्रसाद के रूप में चढ़ाई गई। समिति अध्यक्ष ने बताया कि चढ़ावे में आई शराब को एक ड्रम में इकट्ठा कर लिया जाता है और बाद में इच्छित श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित कर दिया जाता है।
मंदिर समिति अध्यक्ष के अनुसार सोमवार देर शाम मेले का समापन होगा। मेले का शुभारंभ करने से पहले मूर्तियां मंदिर परिसर में लाई जाती हैं, वैसे ही समापन के बाद मूर्तियों को ससम्मान मंदिर से उठाकर निर्धारित स्थान पर रखा जाता है।
राहगीरों को पिलाया शरबत
कंठी माता मेले में कई स्थानों पर राहगीरों को शरबत पिलाया गया। जिला पंचायत सदस्य गोपाल प्रधान के नेतृत्व में शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को ठंडा दूध व शरबत पिलाया गया। शिविर का शुभारंभ बसपा मंडल प्रभारी सुभाष प्रधान और जिला संयोजक बाबूराम जाटव ने शरबत पिलाकर किया।
ये भी देखें...
एक और पति की हत्या: प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची साजिश, शराब पिलाकर बेसुध किया और गमछे से घोंटा गला