लंबे समय से सहारनपुर में चल रहे स्पा सेंटरों पर पुलिस की तीन स्पेशल टीमों ने छापा मारकर कार्रवाई की। स्थानीय चौकी इंचार्ज और थाना प्रभारियों को सूचना नहीं दी गई। इसके बाद घंटाघर, पार्श्वनाथ प्लाजा और जीएनजी मॉल में चल रहे 24 स्पा सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक युवक-युवतियों को पुलिस ने पकड़ा है।
दरअसल, पिछले काफी समय से एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को सूचना मिल रही थी कि महानगर में चल रहे स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक कार्य हो रहा है। एसएसपी ने एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक को कार्रवाई के लिए कहा। बुधवार की शाम एसपी सिटी ने तीन टीमों का गठन किया। एक टीम ने एसपी सिटी के साथ पार्श्वनाथ प्लाजा, दूसरी टीम ने सीओ द्वितीय जितेंद्र शर्मा के साथ जीएनजी मॉल और तीसरी टीम ने बेहट सीओ रूचि गुप्ता के साथ घंटाघर पर चल रहे स्पा सेंटरों में छापामारी की कार्रवाई की।