सहारनपुर जनपद में कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव पुवांरका में जमीन की बिक्री के रुपयों में हिस्सा मांगने पर पिता ने पुत्र के सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। परिजनों ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव पुवांरका निवासी तनिष्क उर्फ काला (18) पुत्र मुकेश कुमार कक्षा 10 का छात्र था। मुकेश ने कुछ दिन पहले तीन बीघा जमीन बेची थी। जमीन के रुपयों में तनिष्क हिस्सा मांग रहा था। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि शनिवार की रात तनिष्क घर में खाना खा रहा था। तभी उसका पिता मुकेश शराब के नशे में घर पहुंचा, जहां दोनों के बीच रुपयों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया।