सहारनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षाओं में प्रशासन और विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है, मगर परीक्षा के बाद कॉपियों को संकलन केंद्र तक पहुंचाने में गंभीरता नजर नहीं आ रही है। अमर उजाला ने कॉपियों के संकलन केंद्र तक पहुंचाने का शनिवार को लाइव किया। ज्यादातर शिक्षक बाइक के पीछे बंडलों को रस्सी से बांधकर केंद्र पर पहुंचते नजर आए। कई केंद्रों से कॉपियां रिक्शों में लादकर पहुंचाई गईं। जो गंभीर लापरवाही है।
बोर्ड परीक्षा को लेकर शासन, प्रशासन और विभाग काफी गंभीरता बरत रहा है। डीएम तक केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा में पुलिस बल लगाया गया है। प्रश्न पत्रों को केंद्र तक सुरक्षित तरीके से पहुंचाया जा रहा है, मगर परीक्षा के बाद कॉपियों को केंद्रों से संकलन केंद्र (राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट) तक शिक्षक बाइकों, साइकिलों, ई रिक्शों और रिक्शों में लादकर पहुंच रहे हैं। बाइक और साइकिलों के पीछे रस्सी से बंधे बंडल और रिक्शाओं में यात्रियों के बीच रखे बंडल के गिरने या गायब होने की गुंजाइश से इनकार नहीं किया जा सकता है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि चार साल पहले तक केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों में से किसी एक पुलिसकर्मी को केंद्र व्यवस्थापक कॉपियां जमा करने के लिए शिक्षक के साथ भेजते थे। मगर उसके बाद से कॉपियों केे संकलन केंद्र तक पहुंचाने में कोई खास सतर्कता नहीं बरती जा रही है। वर्तमान में चल रही परीक्षाओं के तुरंत बाद पुलिसकर्मी केंद्र छोड़ दे रहे हैं। ऐसे में केंद्र व्यवस्थापक कॉपियों को सील कर ऐसे ही इक्का-दुक्का शिक्षकों के हवाले कर संकलन केंद्र भेज रहे हैं।
संकलन केंद्र से शिक्षक का बैग चोरी
जीआईसी परिसर में बने संकलन केंद्र पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, इसके बावजूद कॉपियां जमा कराने पहुंचे शिक्षक की बाइक से उनका बैग चोरी हो गया। प्रधानाचार्य महावीर सिंह ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, लेकिन चोर का पता नहीं लग सका। शिक्षक ने बताया कि बैग में उनका सामान और कई दस्तावेज थे। सवाल यह है कि संकलन केंद्र के बाहर तक चोर पहुंचा कैसे।
डीआईओएस ने किया निरीक्षण
डीआईओएस डॉक्टर अरुण कुमार दूबे परीक्षा के साथ संकलन केंद्र पर भी पैनी नजर रखे हैं। शनिवार को भी उन्होंने करीब सवा 11 बजे संकलन केंद्र का औचक निरीक्षण किया। कॉपी रखे जाने वाले कमरे में पॉलिथीन बिछी मिली, जिससे बारिश आदि होने पर कॉपियों को नुकसान ना पहुंचे। इसके अलावा दीमक, चूहा आदि से बचाने के लिए दवा रखी जा रही है। कॉपियों को खिड़की से दूर रखा जा रहा है।
प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन केंद्र पर भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सीसीटीवी भी लगे हैं। कॉपियों को संकलन केंद्र पहुंचाने की जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होती है, जो सुरक्षित तरीके से कॉपियों को सील कर भेज रहे हैं। कॉपियों के कलेक्शन में पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
डॉक्टर अरुण कुमार दूबे, डीआईओएस।