पकड़े गए आरोपी ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं।
सहारनपुर में नगर कोतवाली पुलिस ने करीब पौने दो माह पूर्व मोरगंज के निकट मोबाइल कारोबारी से हुई लाखों की लूट का खुलासा कर दिया। वारदात को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों गिरफ्तार कर लूटी गई राशि में से 60 हजार की नगदी, कारोबारी का एक्टिवा भी बरामद किया है।
नगर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि 12 मार्च की देर रात घंटाघर की सोफिया मार्केट से दुकान बंद कर मोबाइल कारोबारी नुमाइश कैंप निवासी मनीष लौट रहा था। बाजार मोरगंज के निकट पल्सर सवार तीन बदमाशों ने उसे लूट लिया।
बदमाश कारोबारी का एक्टिवा भी लूट ले गए थे। इसकी डिग्गी में दो लाख की नकदी भी होना बताया गया था।। कोतवाल ने बताया कि एसएसआई सुधीर उज्ज्वल ने चेकिंग के दौरान पल्सर सवार तीन संदिग्ध युवकों को पुरानी चुंगी पर रोक जब तलाशी ली तो उनके पास से तमंचा, कारतूस और दो छूरी बरामद हुई।
पूछताछ में पकड़े गये बदमाशों ने अपने नाम सूफियान पुत्र शरीफ निवासी चिम्माबास थाना बेहट, जिशान उर्फ राशिद पुत्र बुंदू हसन निवासी 786 नगर, खाताखेड़ी कोतवाली मंडी और मोहम्मद उमर पुत्र जहूर निवासी चिलकाना अड्डा आनंद कालोनी देहात कोतवाली बताए।
साथ ही मोबाइल कारोबारी मनीष से लूट करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटी गई रकम 60 हजार रुपये और उसका एक्टिवा भी बरामद किया है।
कोतवाल ने बताया कि बदमाशों के पास से मिली पल्सर बाइक कारोबारी से हुई लूट में प्रयुक्त की गई थी। बाइक भी लूट की प्रतीत हो रही है, जिसके बारे में छानबीन की जा रही है। तीनों को जेल भेज दिया है।