संवाद न्यूज़ एजेंसी
मिर्जापुर। कोतवाली मिर्जापुर क्षेत्र की बादशाही बाग पुलिस चौकी के अंतर्गत रविवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।हादसे में गालिब (22) निवासी खुशहालपुर थाना मिर्जापुर एवं इरशाद (27) निवासी हर्बटपुर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
रविवार देर शाम एक बाइक पर सवार गालिब और इब्राहिम निवासीगण हर्बटपुर, विकासनगर (उत्तराखंड) की ओर से आ रहे थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार इरशाद, सलमान और मुकीम मिर्जापुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की ग्लोकल यूनिवर्सिटी के पास आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूचना पर एसएसआई बांकेलाल, उपनिरीक्षक सोबेंद्र सिंह एवं ग्राम प्रधान मोहम्मद अकरम मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने गालिब एवं इरशाद को मृत घोषित कर दिया। जबकि इब्राहिम, सलमान और मुकीम का उपचार जारी है।
-
हादसे में जान गंवाने वाले गालिब की पारिवारिक स्थिति भी बेहद दयनीय है। उसके माता-पिता की करीब पांच वर्ष पूर्व बीमारी के चलते मौत हो गई थी। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी करके अपने परिवार की जीविका चलाता था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
-
मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।अभी तहरीर नहीं मिली है।तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
-शशिप्रकाश शर्मा सीओ बेहट