देवबंद। बृहस्पतिवार की रात अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
सैनपुर गांव निवासी सोनू (22) पुत्र ताराचंद बृहस्पतिवार की रात किसी काम से साइकिल पर सवार होकर सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर गया था। वहां से लौटते समय जब वह गांव के रास्ते पर जाने लगा तभी मुजफ्फरनगर की ओर से आई तेज गति बुलेट मोटरसाइकिल ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और परिजन भी पहुंच गए। घटना के बाद बुलेट मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया। वहीं, बृहस्पतिवार की रात अंबहेटा शेखां मार्ग पर किसी वाहन की चपेट में आकर बहादरपुर गांव निवासी महेंद्र के पुत्र गौरव (21) की मौत हो गई। उसका शव पेट्रोल पंप के सामने पड़ा मिला। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद शव मोर्चरी भिजवा दिया। सीओ अशोक सिसौदिया का कहना है कि गौरव को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है। मामले की जांच की जा रही है।