चिलकाना थाने में शराब पकड़े जाने की जानकारी देते एसपी सिटी विनीत भटनागर तथा सीओ सदर।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। चिलकाना पुलिस ने 70 लाख रुपये मूल्य की तस्करी की शराब पकड़ी है। पुलिस ने हरियाणा की तरफ से शराब ला रहे दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) विनीत भटनागर ने थाना कैंपस में बताया कि चिलकाना पुलिस को सूचना मिली कुछ लोग हरियाणा की तरफ से शराब से भरा एक ट्रक लेकर शाहजहांपुर से दुमझेड़ा की तरफ आ रहे हैं। थाना प्रभारी मनोज चौधरी, एसआई ओमेंद्र सिंह ने टीम के साथ दुमझेड़ा पुल पर शाहजहांपुर की तरफ से आ रहे एक 12 टायरा ट्रक को जांच के लिए रोका। ट्रक में 816 पेटी अवैध शराब भरी थी। इसमें 598 पेटी अरुणाचल प्रदेश मार्का डीलक्स व्हिस्की, 218 पेटी अरुणाचल प्रदेश मार्का रोमियो व्हिस्की बरामद हुई। इसके अलावा 10 हजार रुपये नगद और अंडों के फर्जी कागजात बरामद हुए। एसपी सिटी ने बताया कि यह शराब जगाधरी (हरियाणा) से लोड करके रुद्रपुर उत्तराखंड ले जाई जा रही थी। शराब ला रहे देवेंद्र पुत्र चरण सिंह निवासी बिलासपुर जिला रामपुर और मनप्रीत पुत्र हरदयाल निवासी भीलवाड़ा थाना रुद्रपुर जिला उधम सिंह नगर ने बताया कि यह शराब ट्रांसपोर्ट मालिक तन्नू पुत्र अमरीक सिंह जिला उधम सिंह नगर ने इस शराब को ट्रक में रखवा कर रुद्रपुर लाने के लिए कहा और फर्जी अंडों के कागजात बनाकर दिए । पुलिस ने देवेंद्र तथा मनप्रीत को आबकारी अधिनियम में गिरफ्तार करके जेल भेजा और शराब ला रहे 12 टायरा ट्रक को सीज किया। इस दौरान सीओ सदर रजनीश उपाध्याय भी मौजूद रहे।