सरसावा (सहारनपुर)। फिल्मी स्टाइल में हाईवे पर पुलिस और शराब तस्करों में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने शराब से भरी लग्जरी गाड़ी को कब्जे में लेकर दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गाड़ी से चंडीगढ़ मार्का की अंग्रेजी शराब की 30 पेटी भी बरामद कीं।
थानाध्यक्ष ने बताया हरियाणा की ओर से आ रही एक लग्जरी गाड़ी टाटा सफारी ने तेजी से यूपी की सीमा में प्रवेश किया। तभी वाहनों की चेकिंग में लगी पुलिस ने जब गाड़ी चालक को रुकने का इशारा किया तो चालक ने फिल्मी स्टाइल में लाइन में लगी अन्य दो गाड़ियों को टक्कर मारकर कार दौड़ा दी। पुलिस टीम ने गाड़ी के बारे में वायरलेस कर हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी करवा कर मार्ग अवरुद्ध कराया। आगे रास्ता बंद देखकर पुलिस को चकमा देकर भाग रही गाड़ी को रुकना पड़ा। इसी बीच पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गाड़ी को घेर कर गाड़ी में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस को तलाशी में टाटा सफारी गाड़ी से चंडीगढ़ मार्का की अंग्रेजी शराब की 30 पेटी बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया आरोपियों ने पुलिस के ऊपर फायर भी किया था। पुलिस ने गाड़ी से लोडेड तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी पंकज सिंह निवासी ए ब्लॉक और रिजवान डी ब्लॉक नेहरू कॉलोनी देहरादून के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को जेल भेजा।