बिहारीगढ़/ सहारनपुर। बिहारीगढ़ थाना पुलिस ने दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे स्थित टांडा मान सिंह गांव के पास से बड़ी तादात में नशीले पदार्थ की खेप पकड़ी है। पुलिस ने कैंटर सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 558 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए नशीले पदार्थ की कीमत करीब 50 लाख रुपये है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर कैंटर में नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं। इस पर टीम गठित कर चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान देहरादून की तरफ से आ रहे कैंटर को शक के आधार पर रोका गया। कैंटर में बड़ी संख्या में बोरे भरे हुए थे। तलाशी लेने पर उनके अंदर डोडा पोस्त बरामद हुआ। मौके से चालक समेत दो तस्करों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र निवासी शौकीन पुत्र शौकत और महताब पुत्र सोनू के रूप में हुई।
आरोपियों ने कैंटर में नशीला पदार्थ लेकर जाने के लिए केबिन में अलग से पार्टीशन कर रखा था। उसके अंदर 37 बोरे में डोडा पोस्त भरा हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह भाड़े का काम करते हैं। रुपयों के लालच में राजस्थान के उदयपुर से खुमानलाल नाम के व्यक्ति से यह नशीला पदार्थ लेकर आते हैं।
- सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के होटलों पर करते थे सप्लाई
पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए तस्कर नशीले पदार्थ को सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के होटल और ढाबों पर थोड़ा-थोड़ा सप्लाई करते थे। अक्सर उन होटलों और ढाबों पर सप्लाई करते थे जो हाईवे के किनारे हों। तस्करों को पता था कि हाईवे किनारे वाले होटलों पर पर्यटकों का आवागमन रहता है, जिसमें अधिकांश नशीले पदार्थ की मांग करते हैं। वहां से सस्ते दामों में लेकर आते थे, जिसके बाद यहां पर मनमाफिक दामों पर बेचा जाता था।
- ये लोग रडार पर
तस्करों से पूछताछ के बाद अब पुलिस के निशाने पर कई लोग आ गए हैं। पुलिस उदयपुर के उस व्यक्ति की तलाश में है, जिनका नाम तस्करों ने बताया है। इसके अलावा किन-किन होटल और ढाबों पर यह सप्लाई करते थे उनसे भी पूछताछ की जाएगी। तस्करों के अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।