चिलकाना में हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और जमा भीड़
- फोटो : SAHARANPUR
हादसों में दो लोगों की मौत
चिलकाना/नागल (सहारनपुर)। चिलकाना में छोटा हाथी वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़ कर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम पर भेजते हुए वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। नागल में भी स्टेट हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई।
शनिवार की सुबह करीब साढे़ आठ बजे गांव परसा गढ़ सलीरा निवासी अमर सिंह (68) पुत्र मोतीराम साइकिल से चिलकाना की तरफ आ रहा था। इसी दौरान सरसावा की तरफ से आ रहे छोटा हाथी ने अमर सिंह को टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से अमर सिंह घायल हो गया। पुलिस और राहगीरों ने घायल को चिलकाना के एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अमर सिंह के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि मृतक के भतीजे कंवर पाल पुत्र रतिराम की तहरीर पर छोटा हाथी वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस छोटा हाथी वाहन को थाने ले आई है। जबकि चालक मौके से भाग गया।
नागल में शुक्रवार की रात में नौ बजे नागल-देवबंद स्टेट हाईवे पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार थाना देवबंद के गांव मेघराजपुर निवासी बाइक सवार 25 वर्षीय नीटू पुत्र अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई। वह बाइक से नागल की ओर से अपने गांव जा रहा था। बसेड़ा और खटोली के बीच हादसा हो गया। किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह लहूलुहान हो गया। पुलिस उसे नागल अस्पताल लेकर आई, लेकिन वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक ने हेलमेट लगाया हुआ था जो मौके पर टूटा हुआ मिला।