मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी सहित दो बदमाश गिरफ्तार
सहारनपुर। जीआरपी ने मुठभेड़ के बाद ट्रेनों में लूटपाट और चोरी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें एक आरोपी 25 हजार रुपये का इनामी है।
जीआरपी इंस्पेक्टर राशिद अली ने बताया कि बुधवार की देर रात पुलिस टीम प्लेटफार्म नंबर छह की तरफ संदिग्ध यात्रियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक जीआरपी को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके बाद घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपी लाखन बावरिया निवासी गांव मस्तगढ़ थाना झिंझाना जनपद शामली और सागर बावरिया निवासी गांव वाजीगर बस्ती थाना सिटी द्वितीय जनपद लुधियाना पंजाब हैं। इनमें लाखन पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित था। आरोपियों के पास तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। इनके पास से चोरी का एक मोबाइल फोन भी मिला है।
पंजाब-हरियाणा से उत्तर प्रदेश व बिहार जाने वाली ट्रेनों में करते थे वारदात
पकड़े गए दोनों बदमाश शातिर हैं, जो पंजाब और हरियाणा की तरफ से पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार जाने वाली ट्रेनों में वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने जीआरपी को बताया कि वह लुधियाना, अंबाला, पानीपत, रजपुरा से ट्रेन में सवार होते थे। रास्ते में जहां भी मौका मिलता था, वहां यात्रियों से लूटपाट और चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर कूद जाते थे। आरोपियों ने कुछ दिन पूर्व पंजाब में भी यात्रियों से लूटपाट की थी।