नागल में सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मंगलवार की सुबह देवबंद-नागल मार्ग पर ग्राम सरसीना के निकट कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजा।
लोगों ने बताया कि सलीम पुत्र भूरा निवासी पठेड़ व मौहम्मद हसन पुत्र शमसुद्दीन निवासी कोलकी थाना गागलहेड़ी बाइक से देवबंद जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे जब वे देवबंद-नागल मार्ग पर गांव सरसीना के निकट पहुंचे तो सामने से आ रही वैगनआर कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे नीचे खड्ढे में जा गिरे। हादसे में बाइक सवार कार के शीशे में टकराकर उसे तोड़ते हुए अंदर जा घुसे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को बाहर निकलवाया। तब तक 50 वर्षीय सलीम और 65 वर्षीय मौ. हसन की मौकेे पर ही मौत हो चुकी थी।
कार चालक पुष्पेंद्र निवासी विजय नगर गाजियाबाद को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। एसओ नागल ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। अभी किसी भी तरफ से तहरीर नहीं आई है।