सहारनपुर बड़गांव कस्बा में बुधवार को ब्लड कैंसर से एक महिला की मौत हो गई। उसका पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा था। वहीं, भगवानपुर गांव में भी एक युवक की लीवर कैंसर की बीमारी के कारण जान चली गई।
इससे पहले भी क्षेत्र में कई लोग कैंसर के कारण मर चुके हैं, लेकिन दो-तीन दिनों के अंतराल पर हुई दो लोगों की मौत से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना है।
कस्बा निवासी राजसिंह की 48 वर्षीय पत्नी तारावती की बुधवार की देर शाम कैंसर के कारण मौत हो गई। उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ से चल रहा था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरी ओर चार दिन पूर्व भगवानपुर गांव निवासी गोपी के 38 वर्षीय पुत्र विजयपाल की भी लीवर कैंसर की बीमारी से मौत हो गई थी। बता दें कि कैंसर क्षेत्र में महामारी की तरह फैल रहा है।
अकेले बड़गांव में ही नाथीराम की पत्नी पुष्पा, रामशरण की पत्नी भूरिया, महीपाल की पत्नी रजनी, रामधन सिंह, रामपाल सिंह, महीपाल सिंह की पत्नी स्नेहलता, कुलदीप की पत्नी पुष्पा, जनक सिंह, तीरता सहित 14 ग्रामीण कैंसर की बीमारी के चलते अकाल मौत का ग्रास बन चुके हैं।
कई महिलाएं और पुरुष अभी भी कैंसर की चपेट में हैं। ग्रामीणों से जुटाए आंकड़ों के अनुसार पिछले एक दशक में बड़गांव क्षेत्र के करीब 52 गांवों में 300 से अधिक लोगों की मौत कैंसर से हो चुकी है। ग्रामीण हिंडन में बढ़ते प्रदूषण से भूजल का दूषित होने को इसकी वजह मान रहे हैं।
इस संबंध में एसडीएम हीरालाल यादव का कहना है कि हिंडन का प्रदूषण बड़ी समस्या बना है। शासन को इसकी रिपोर्ट भेजी है। मुख्यमंत्री ने भी एक प्रतिनिधिमंडल भेज कर जांच कराई है। शीघ्र ही कार्य योजना बना कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।