सहारनपुर, नानौता। क्षेत्र के रेलवे लाइन गेट नंबर 117 के पास रेलवे ट्रैक पर बैठे आधा दर्जन से अधिक गोवंश उदयपुर एक्सप्रेस की चपेट में आकर घायल हो गए। इसमें गंभीर घायल दो गायों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मृत गोवंश को जेसीबी से जमीन में दबवा दिया। इस दौरान ट्रेन 5 से 7 मिनट तक खड़ी रही।
मंगलवार की देर रात करीब 11 बजे ऋषिकेश से उदयपुर जा रही गाड़ी संख्या 19610 उदयपुर एक्सप्रेस जैसे ही नानौता क्षेत्र के गेट नंबर 117 के पास पहुंची तो वहां रेलवे ट्रैक पर बैठे आधा दर्जन से अधिक गोवंश ट्रेन की चपेट में आकर कट गए। इनमें से दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल गोवंश खेतों में चला गया। घटना के बाद ट्रेन चालक ने इसकी सूचना नानौता रेलवे स्टेशन पर दी। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई। ट्रेन से गोवंश कटने की जानकारी मिलते ही एडीएम प्रशासन, एसडीएम रामपुर मनिहारान संगीता राघव, थानाध्यक्ष चंद्रसेन सैनी, बीडीओ राकेश कुमार तथा पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे। जहां अधिकारियों की देख रेख में देर रात में ही जेसीबी की सहायता से कटकर मरे गोवंश को दबाया गया। गोवंश कटने के चलते ट्रेन करीब पांच से सात मिनट तक रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
इस संबंध में एसपी देहात सूरज राय ने बताया कि नानौता में रेलवे ट्रैक पर बैठे सात गोवंश के ट्रेन की चपेट में आकर कटने की सूचना मिली थी। पुलिस को मौके पर भेजा गया। दो गोवंश की मौत हुई है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक तरुण शर्मा ने बताया कि ट्रेन संख्या 19610 से गोवंश कट गया था, जिसके चलते ट्रेन पांच से सात मिनट तक खड़ी रही।