रामपुर मनिहारान(सहारनपुर)। थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव सढ़ोली हरिया के पास दो बाइकों की टक्कर हो गई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई। युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक युवकों के शवों का पंचनामा भर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
रामपुर मनिहारान की चौकी मल्हीपुर के गांव सढ़ोली हरिया के पास रविवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना में गांव सढ़ोली हरिया निवासी विश्वास (25) पुत्र राकेश और गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव पकरेड़ा निवासी विपुल (24) पुत्र नाथीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। युवकों की मौत से दोनो के परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सढ़ोली हरिया के पास दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई है। दोनों के शवों का पंचनामा भर कर उन्हें मोर्चरी में रखवा दिया गया है। अभी किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।