हादसे में क्षतिग्रस्त मृतकों की बाइक। संवाद
बेहट(सहारनपुर)। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर गांव मीरगढ़ के पास सोमवार की देर शाम अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
हादसा शाम छह बजे हुआ। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के गांव खुशहालीपुर कलां निवासी जगपाल (45) पुत्र चतर व रघुवीर (48) पुत्र मनीराम हरियाणा के यमुनानगर के गांव अराइयो वाला रिश्तेदारी में गए थे। दोनों मजदूरी करते हैं। शाम के समय लौटते हुए कोतवाली बेहट क्षेत्र में हाईवे पर गांव मीरगढ़ के पास उनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर बेहट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को एंबुलेंस से सीएचसी लेकर आई और यहां उनकी जेब से मिले आधार कार्ड के माध्यम से उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।