सहारनपुर में सरसावा थाना क्षेत्र के गांव गदरहेड़ी में मोनू की गोली मारकर हत्या और उसके पिता सेठपाल को घायल करने के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में मुख्य आरोपी वरुण और बाबू को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि आरोपियों की गोली बाजू में लगने से थाना सरसावा में तैनात सिपाही मुकेश भी घायल हुआ। आरोपियों के पास से हथियार और बिना नंबर प्लेट की एक मोटसाइकिल भी बरामद हुई है। मामले में चार आरोपी अभी फरार हैं।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया बाइक निकालने को लेकर मंगलवार की शाम थाना सरसावा के गांव गदरहेड़ी में सेठपाल और उसके पुत्र मोनू की गांव में ही रहने वाले पूर्व सैनिक वरुण के साथ कहासुनी हो गई थी। इसी को लेकर वरुण ने पिस्टल से अपने साथी बाबू, टिंकू, मुकुल, रजनीश, सुमित पुत्र शिवचरण और सुमित पुत्र मदन के साथ मिलकर पिता-पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर घायल कर दिया था। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया था। मोनू की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। जबकि उसके पिता सेठपाल को चंडीगढ़ रेफर किया गया था। देर रात डीआईजी सुधीर कुमार सिंह और एसएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की थी। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया था।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि एक सूचना पर थाना सरसावा पुलिस और एसओजी की टीम की बुधवार की दोपहर गांव बलवंतपुर के जंगल में वरुण और बाबू के साथ मुठभेड़ हो गई। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। खुद को घिरता देखकर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई तो दोनों आरोपियों की पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गए, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर अस्पताल में उपचार दिलाया। आरोपियों की गोली से सिपाही मुकेश कुमार भी घायल हुआ। पुलिस ने आरोपियों के पास दो तमंचे, छह कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। एसएसपी ने भी मुठभेड़ स्थल का मौका-मुआयना किया। एसएसपी का कहना है कि फरार चार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें दबिश दे रही है।
यह भी पढ़ें: परिवार में पसरा मातम: जच्चा-बच्चा की मौत पर खूब हुआ हंगामा, अस्पताल में तोड़फोड़, देखें तस्वीरें
24 घंटे के अंदर पकड़ा, लगेगी गैंगस्टर
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों को गैंगस्टर में भी निरुद्ध किया जाएगा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 24 घंटे अंदर गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस की तीन टीमें काम कर रही हैं। एसएसपी ने आरोपियों को पकड़ने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।