घटनास्थल पर पहुंचे एसपी देहात सूरज राय
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर गांव बाबैल बुजुर्ग में सड़क पार कर रहे ग्रामीण की खनिज से भरे ट्रक के नीचे आकर मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक से मारपीट करते हुए ट्रक में तोड़फोड़ का प्रयास किया। पुलिस ने किसी तरह चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। हादसे के विरोध में परिजनों ने पुलिस को सड़क से शव नहीं उठाने दिया। बाद में एसपी देहात सूरज राय ने घटनास्थल पर पहुंच ग्रामीणों को समझा बुझा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।
हादसा रविवार की शाम करीब पौने छह बजे हुआ। गांव बाबैल बुजुर्ग निवासी फुरकान (40) पुत्र अकबर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान बेहट की तरफ से गए खनिज से भरे ट्रक ने उसे कुचल दिया। काफी दूर तक फुरकान ट्रक के नीचे घसीटता हुआ चला गया। घटनास्थल के आसपास मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक को रुकवा कर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हादसे से गुस्साई भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ का भी प्रयास किया, लेकिन कुछ जिम्मेदार लोगों ने भीड़ को ऐसा करने से रोक लिया। सूचना पर पहुंची बेहट पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, लेकिन परिजन और ग्रामीणों ने पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। काफी देर तक हंगामा चला।
इसी दौरान शाकंभरी देवी से लौट रहे एसपी देहात सूरज राय घटनास्थल पर रुके और उन्होंने भीड़ को समझाया। इसके बाद ही पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा सकी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि चालक हिरासत में है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गांव बाबैल बुजुर्ग में ट्रक में तोड़फोड़ करने का प्रयास करती भीड़- फोटो : SAHARANPUR
हादसे के बाद सड़क पर शव रखकर बैठे परिजन और ग्रामीण- फोटो : SAHARANPUR