सहारनपुर के कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में विश्वकर्मा चौक के निकट स्कूटी सवार युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक के पहिये में फंसकर युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया। वहीं, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली सदर बाजार के इंस्पेक्टर ने बताया कि साकेत काॅलोनी निवासी मधु कपूर की तबीयत खराब थी। शनिवार की देर रात उन्होंने अपने पुत्र विक्की कपूर (35) को जिला अस्पताल में दवाई लेने के लिए भेजा था। रात 12 बजे विक्की स्कूटी से जिला अस्पताल से दवाई लेकर लौट रहा था। वह जब विश्वकर्मा चौक के निकट पहुंचा तो एक ट्रक ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक ट्रक के पहिये में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।