सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के ढोलीखाल से पुलिस ने स्क्रैप से भरा एक ट्रक पकड़ा है। इस दौरान ट्रक चालक व अन्य कई व्यक्ति वहां से भाग गए। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। प्राथमिक जांच में आया कि स्क्रैप वाहनों के अवैध कटान का है। पुलिस देर रात मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में लगी हुई थी।
ढोलीखाल क्षेत्र में एक ट्रक मकान के बाहर खड़ा हुआ था। किसी ने सूचना दे दी कि ट्रक में वाहनों के अवैध कटान का स्क्रैप भरा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस को देखकर वहां भगदड़ मच गई। छानबीन में सामने आया कि जहां पर यह ट्रक पकड़ा गया है वह पहले भी वाहनों के कटान का मामला आ चुका है। वाहन कटान करने वाला व्यक्ति पर पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं, जिस व्यक्ति के मकान के सामने ट्रक खड़ा था, उससे कटान किए गए वाहनों के दस्तावेज मांगे गए हैं, जो देर रात तक नहीं दिखा सका। इस पर पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया और थाने लेकर आ गई।
बता दें, कि ढोलीखाल क्षेत्र वाहनों के अवैध कटान के लिए अक्सर सुर्खियो में रहता है। पुलिस कुछ दिनों के लिए सख्ती दिखाती है, इसके बाद फिर चोरी-छिपे वाहन कटान शुरू हो जाता है। सीओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि ट्रक में काफी मात्रा में वाहनों का स्क्रैप मिला है। इसकी गहनता से जांच की जा रही है। देर रात तक संबंधित व्यक्ति इसके दस्तावेज नहीं दिखा सका था।