संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर मनिहारान। गांव इस्लाम नगर में तड़के करीब चार बजे रामपुर मनिहारान अंबेहटा मार्ग पर बजरी उतार रहा एक ट्रक 11 हजार वोल्ट क्षमता की विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। इससे ट्रक में आग लग गई। इस दौरान चालक मामूली रूप से झुलस गया जिसे पुलिस ने चिकित्सालय में भर्ती कराया। फायर बिग्रेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया।
रविवार की तड़के करीब चार बजे रामपुर मनिहारान अंबेहटा मार्ग पर चालक बजरी खाली करने के लिए ट्रक का पिछला हिस्सा जैक पर ऊपर उठा रहा था। इसी दौरान ट्रक में करंट दौड़ गया और उसमें आग लग गई। इससे ट्रक लपटे उठने लगी। आग की लपटे एक किलोमीटर की दूर तक दिखाई दे रही थी। इसी दौरान गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और साहस का परिचय देते हुए पुलिसकर्मियों ने जलते ट्रक से उसके चालक थाना गंगोह के गांव बुढ़नपुर निवासी सादिक पुत्र जिंदा व नौमान पुत्र कौशर को बाहर निकाला। आग की चपेट में आकर सादिक मामूली रूप से झुलस गया। उसे पुलिस द्वारा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने ट्रक में लग रही आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि इस्लाम नगर में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रक में आग लग गई थी। आग से झुलसे चालक का उपचार कराया गया है।