- अप-डाउन में 17 जगह रुकेंगी बसें, देहरादून से दिल्ली का किराया 336 रुपये
- देहरादून, सहारनपुर, शामली, बागपत और गाजियाबाद के यात्रियों को होगा फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। परिवहन निगम के सहारनपुर डिपो ने देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर चार बसों का संचालन शुरू कर दिया है। अप-डाउन में बसों का ठहराव 17 जगहों पर दिया है। 212 किलोमीटर की दूरी बस करीब तीन घंटे में पूरी करेगी। किराया सूची भी जारी कर दी है। बसें शुरू होने से तीन राज्यों के यात्रियों को फायदा मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। इसके बाद एक्सप्रेसवे पर देहरादून डिपो ने दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू कर दी थी। एक्सप्रेसवे पर बस चलाने के लिए सहारनपुर परिवहन निगम ने भी कार्ययोजना तैयार की और सर्वे किया। सर्वे के बाद रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेजी गई, जहां से देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर बसों को चलाने की हरी झंडी मिली।
सहारनपुर डिपो ने फिलहाल चार बसों का संचालन शुरू कर दिया है। देहरादून से बस चलने के बाद कट वाली 17 जगहों पर रुकेगी। वहां से यात्री उतर व चढ़ सकेंगे। देहरादून से दिल्ली कश्मीरी गेट तक का किराया 336 रुपये तय किया है। बस 215 किलोमीटर का सफर तय करेंगी, जिसे पूरा करने में करीब तीन घंटे लगेंगे। देहरादून, सहारनपुर, शामली, बागपत, गाजियाबाद और दिल्ली के यात्रियों को फायदा मिलेगा।
इन जगहों पर रुकेंगी बसें
देहरादून से चलने पर डाट काली मंदिर, गणेशपुर कट, बिहारीगढ़ कट, शेरपुर कट, छुटमलपुर, शहजाद माजरा टोल कट, गागलहेड़ी कट, सहारनपुर जाट कॉलोनी कट, बड़गांव कट, थानाभवन कट, हाथी करौदा कट, थाना फुगाना कट, बिजरोल कट, बागपत कट, गाजियाबाद पेरीफेरल कट, लोनी रुकते हुए कश्मीरी गेट पहुंचेगी।
वर्जन
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर चार बसों के चलने से यात्रियों को राहत मिलेगी। अभी तक डिपो की कोई बस नहीं चल रही थी। केवल देहरादून डिपो की बसों का ही संचालन किया जा रहा था। लोड फैक्टर बेहतर रहा तो बसों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी। - जोगेंद्र सिंह, एआरएम, सहारनपुर डिपो