गंगोह के गांव बहादरनगर में जलता ट्रांसफार्मर स्रोत वीडियो ग्रेब
गंगोह/लखनौती। गांव बहादरनगर में घरों के पास रखे ट्रांसफार्मर में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। आग की भीषण लपटों को देख ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। जान बचाने के चक्कर में एक महिला छत से नीचे कूद गई, जिससे वह घायल हो गई। आग बुझाते समय एक लाइनमैन भी झुलस गया।
घटना बृहस्पतिवार देर रात की है। गांव के ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। ट्रांसफार्मर में आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के कई पेड़ भी चपेट में आकर झुलस गए। ग्रामीणों और लाइनमैन ने सप्लाई बंद कराकर किसी तरह आग पर काबू पाया। इस दौरान भगदड़ में छत से कूदने पर अनीश की पत्नी शहनाज घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
वहीं आग बुझाते समय लाइनमैन वाइस के हाथ भी झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत निगम अधिकारियों की लापरवाही से हाईवोल्टेज लाइनें कई घरों की छतों के ऊपर से होकर गुजर रही हैं। इनसे लगातार खतरा बना हुआ है।