सहारनपुर/नजीबाबाद। अमृतसर में अलर्ट के बाद रेलवे ने सहारनपुर से गुजरने वाली 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया था। ट्रेनों के रद्द रहने से यात्रियों को खासी परेशान हुई। इसके बाद शाम को रेलवे ने रद्द ट्रेनों को बहाल कर दिया। ऐसे में यात्रियों को असमंजस की स्थिति रही।
भारत-पाक के बीच सीमा पर तनाव चल रहा था। ऐसे में अलर्ट और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने अमृतसर से संचालित होने वाली ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया था। रेलवे ने सुबह नोटिस जारी कर रद्द ट्रेनों की सूची जारी की, जिसमें सहारनपुर से गुजरने वाली 11 प्रमुख ट्रेनें शामिल थीं। इसके बाद लोगों ने आरक्षण भी रद्द कराए। जो यात्रीगण स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने पहुंचे थे, उन्हें खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री अपनी ट्रेन की जानकारी के लिए पूछताछ केंद्र पहुंचे। ट्रेनों के निरस्त होने की सूचना मिलने पर वह अपने घर लौट गए। रद्द की गई अधिकतर ट्रेनें लंबी दूरी की रहीं।
देर शाम भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम की घोषणा हुई। इसके बाद रेलवे ने निरस्त, शार्ट टर्मिनेटेड और प्रभावित ट्रेनों को बहाल कर दिया। रेलवे ने अमृतसर-हरिद्वार एक्सप्रेस, सुपर एक्सप्रेस, अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस अप व डाउन को रद्द किया था। अमृतसर-डिब्रूगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस को अप व डाउन में सहारनपुर से ही संचालित करने का फैसला किया था।