सहारनपुर। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। सोमवार से कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों का संचालन शुरू होगा। कुछ ट्रेनों का नंबर बदल कर भी चलाया जाएगा। इन ट्रेनों की फिर शुरूआत होने से यात्रियों को खासी राहत मिलेगी। रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी है।
अंबाला डिवीजन के सीनियर डीसीएम हरिमोहन के मुताबिक, गाड़ी संख्या 04578 अंबाला-सहारनपुर पैसेंजर दो अगस्त से शुरू होगी। यह ट्रेन सहारनपुर से शाम 7:30 बजे रवाना होगी, जो अंबाला में रात 9:10 बजे पहुंचेगी। कोविड से पहले इस ट्रेन को 64515 नंबर से चलाया गया था। इसी तरह गाड़ी संख्या 04147 सहारनपुर-अंबाला कैंट पैसेंजर का एक अगस्त से संचालन शुरू होगा। सहारनपुर से यह ट्रेन सुबह 5:30 बजे चलेगी और अंबाला में सुबह 7:10 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन भी कोविड से पहले 64501 नंबर से चल रही थी। इस प्रकार इन दोनों के नंबर बदल दिए हैं। नए नंबरों से ही ट्रेनों का संचालन होगा। गाड़ी संख्या 20411 दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर अगस्त माह से पटरी पर आ जाएगी। यह ट्रेन दिल्ली से सुबह 9:40 बजे प्रस्थान करेगी और सहारनपुर में 12:10 बजे तक पहुंचेगी। कोविड से पूर्व इस ट्रेन का नंबर 64561 था। इन ट्रेनों के अलावा नई दिल्ली से सहारनपुर आनी वाली जनता एक्सप्रेस भी अगले माह से चल सकती है। इस ट्रेन के चलने का समय आ गया है, लेकिन अभी तक तारीख का निर्धारण नहीं हुआ है।
मेरठ-अंबाला और अंबाला-दिल्ली पैसेंजर भी चले
गाड़ी संख्या 54539-40 अंबाला-सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर और 54541-42 मेरठ-सहारनपुर-अंबाला पैसेंजर का संचालन अभी तक शुरू नहीं हुआ है। जिसके चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुकेश, आकाश, प्रदीप और अंकुश का कहना है कि इन दोनों ट्रेनों के न चलने से यात्री परेशान हैं। क्योंकि स्थानीय लोग इन ट्रेनों से बड़ी संख्या में सफर करते हैं। खासकर गांव-देहात से दूधिया आते और जाते हैं।