सहारनपुर। होली के त्योहार में अभी छह दिन शेष हैं। त्योहार से पहले ही बिहार, झारखंड, वेस्ट बंगाल आदि राज्यों को जाने वाली ट्रेनें फुल हो गईं। सीट के लिए मारामारी मची है। एक-एक सीट के लिए यात्री खूब जद्दोजहद कर रहे। उसके बाद ही सीट नहीं मिल पा रही। ट्रेनों के महिला व दिव्यांग कोच पर भी कब्जा है।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन से अप-डाउन में करीब 153 ट्रेनों का आवागमन होता है। यहां से पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, मुंबई, बिहार, झारखंड, वेस्ट बंगाल, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों में ट्रेनें जाती हैं। होली का त्योहार नजदीक है। इसके चलते ट्रेनों में भीड़ शुरू हो गई है। सहारनपुर से होकर जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस, हावड़ा मेल, कामाख्या एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में अधिक भीड़ चल रही है। इन ट्रेनों में यात्रियों को सीट तो दूर कोच में खड़े होने तक की जगह नहीं मिल पा रही है।
जम्मूतवी-वाराणसी बेगमपुरा, जम्मूतवी-सियालदाह हमसफर, अमृतसर-टाटानगर जलियांवाला बाग, अमृतसर-हावड़ा मेल, जम्मूतवी-कोलकाता, फिरोजपुर-धनबाद गंगा सतलुज, श्रीमाता वैष्णों देवी कटरा-कामाख्या, जम्मूतवी-भागलपुर अमरनाथ, अमृतसर-मुंबई गोल्डन टेंपल, पटना-जम्मूतवी अर्चना और गुवाहाटी-जम्मूतवी लोहित एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग चल रही है। रेलवे की ओर से होली स्पेशल ट्रेनों को चलाने की घोषणा की गई है, लेकिन यात्रियों की भीड़ अधिक होने के चलते स्पेशल ट्रेनें काफी कम हैं। इनमें भी वेटिंग शुरू हो जाएगी। ऐसे में होली पर घर जाना खासा मुश्किल रहेगा।