सहारनपुर। होली त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने देवबंद और नागल में रसगुल्ला व नमकीन बनाने की फैक्टरी पर छापा मारा। इस दौरान रसगुल्ला फैक्टरी में साफ-सफाई नहीं मिली। जिस पर टीम ने 20 क्विंटल रसगुल्ले को नष्ट कराया। इस दौरान सात खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए।
होली त्योहार नजदीक है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। मंगलवार को देवबंद उपजिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम के साथ राजूपुर गांव में महबूब की रसगुल्ला फैक्टरी पर छापा मारा। फैक्टरी में रसगुल्ला बनता देख अधिकारी हैरान रह गए। साफ-सफाई नदारद थी। गंदगी में ही रसगुल्ले बनाए जा रहे थे। टीम ने मौके पर ही 20 क्विंटल रसगुल्ला नष्ट कराया। इसके साथ ही रसगुल्ले खराब प्रतीत होने पर एक रंगीन व दो सफेद रसगुल्ले का नमूना लिया।
टीम नागल भी पहुंची। यहां कालूराम की नमकीन फैक्टरी पर छापा मारा। नमकीन का सैंपल लिया। इसके अलावा नागल से ही रंगीन कचरी, हल्दी और सरसों तेल का नमूना लिया गया। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय पवन कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी महावीर सिंह प्रेमी, संजीत कुमार, महेंद्र यादव, कुलदीप, अमित शामिल रहे।