टूटी पटरी को ठीक करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में मुरादाबाद रेल मार्ग पर रविवार को टूटे ट्रैक से ट्रेन गुजर गई। गनीमत रही कि वह दुर्घटनाग्रस्त होने से बच गई। कुछ ही देर बाद इसी ट्रैक से जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन आनी थी।
ट्रैक टूटा होने का पता चलते ही रेलवे के अफसरों में खलबली मच गई। आनन-फानन में मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ट्रैक ठीक कराया। इस दौरान करीब दो घंटे तक ट्रैक बाधित रहा।
रविवार की दोपहर 12 बजे मुरादाबाद रेल मार्ग पर ढमोला नदी पुल के नजदीक खानआलमपुरा में वेंडरों ने ट्रैक टूटा पड़ा देखा। इसकी सूचना वेंडरों ने रेलवे के अधिकारियों की दी तो खलबली मच गई।
आनन-फानन में स्टेशन अधीक्षक शिवपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन बंद कराकर काम शुरू किया गया। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि कुछ देर पहले ही इस ट्रैक से मालगाड़ी निकली थी।
वहीं, दो घंटे देरी से चल रही जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन भी इसी ट्रैक से सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली थी। जो बाद में दूसरे ट्रैक से रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
गनीमत रही कि समय रहते अधिकारियों को ट्रैक टूटे होने की जानकारी मिल गई और बड़ा हादसा होने से टल गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि दो घंटे के कार्य के बाद ट्रैक को ठीक करा दिया गया है।