सहारनपुर। कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रेनों में सफर करना कठिनाई भरा रहेगा। मुरादाबाद मंडल के शाहजहांपुर-लखनऊ एवं रोजा-सीतापुर रेलखंड में मेगा ब्लॉक के कारण 27 ट्रेनें 21 जुलाई से सात अगस्त तक प्रभावित रहेंगी। वहीं, रोडवेज बसों को भी रूट बदलकर चलाया जाएगा।
22 जुलाई से सावन लगेगा। इससे एक दिन पहले 21 जुलाई से ट्रेनों का निरस्तीकरण शुरू हो जाएगा। इस दौरान ट्रेनों में सफर करना खासा मुश्किल होगा। क्योंकि, पंजाब, हरियाणा से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जाते हैं, जो सहारनपुर से होकर गुजरते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान अमृतसर, जालंधर और अंबाला की तरफ से आने वाली ट्रेनें निरस्त रहेंगी। ऐसे में श्रद्धालुओं के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। जनसेवा, मौर्यध्वज, जननायक, जनसाधारण, सहरसा एक्सप्रेस, अंत्योदय, डिब्रूगढ़, चंडीगढ़, अमरनाथ, गोरखपुर एक्सप्रेस, अमृतसर एक्सप्रेस, कर्मभूमि और श्रीमाता वैष्णो देवी एक्सप्रेस हैं, जो 21 जुलाई से सात अगस्त तक अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी। इतना ही नहीं कांवड़ यात्रा में रोडवेज बसों का भी रूट बदल दिया जाता है।