सहारनपुर। सड़क सुरक्षा सप्ताह का बुधवार को समापन हो गया। इस दौरान संभागीय परिवहन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में ट्रैफिक वार्डन सम्मानित किए और उन्हें हेलमेट दिए।
समापन कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राधेश्याम ने सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए किए कार्यक्रमों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। विभिन्न टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) देवमणी भारतीय ने सड़क दुर्घटनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला तथा दुर्घटना रोकने के उपायों पर चर्चा की। दुर्घटना के बाद गोल्डन ओवर के महत्व को समझाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) आरपी मिश्रा ने कार्यशाला में उपस्थित ट्रैफिक वार्डन के कार्यों को सराहा। उन्होंने कहा वार्डन यातायात नियमों की जागरूकता के प्रचार-प्रसार में परिवहन मित्र के रूप में सहयोगी बनें।
कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) देवमणी भारतीय, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राधेश्याम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) प्रथम दल, आरपी मिश्रा, यात्री/मालकर अधिकारी खेमानंद पांडेय, चीफ वार्डन यातायात डॉ. योगेंद्र, बस/ट्रक/ई-रिक्शा/ऑटो-टैक्सी/टैंपो आदि यूनियन के पदाधिकारी आदि शामिल रहे। वहीं, संभागीय परिवहन निगम की टीम ने चेकिंग के दौरान ओवरलोडिंग मेें आठ वाहनों को बंद किया। बिना रिफ्लेक्टर के नौ वाहनों तथा अवैध पार्किंग पर छह वाहनों का चालान किया।