दिवंगत कांस्टेबल की अर्थी को कांधा देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में कलक्ट्रेट तिराहे पर ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिस कर्मी (सिपाही) की हार्ट अटैक से हालत बिगड़ गई। अस्पताल में पहुंचने पर सिपाही की मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में सलामी दी गई। एसएसपी, एसपी यातायात समेत अन्य अधिकारियों ने कंधा देकर दिवंगत सिपाही को अंतिम विदाई दी।
जनपद हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के ग्राम टोडरपुर निवासी जुल्फिकार अली (45 वर्ष) पुत्र खुर्शीद सहारनपुर में यातायात पुलिस में तैनात था। सुबह लगभग साढ़े छह बजे वह कलक्ट्रेट चौराहे पर ड्यूूटी के लिए पहुंचा था। लगभग सात बजे हार्टअटैक आया, जिस कारण जुल्फिकार वहीं पर गिर पड़ा।
मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके बाद एंबुलेंस बुलाई गई। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि एंबुलेंस में ले जाते समय रास्ते में सिपाही को दोबारा हार्टअटैक हुआ, जिस कारण अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने जुल्फिकार के परिजनों को सूचना दी। जुल्फिकार की पत्नी रिजवाना, भाई मुकर्रम एवं अन्य परिजन सहारनपुर पहुंचे। परिजनों के पहुंचने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस लाइन लाया गया। जहां एससपी दिनेश कुमार, एसपी यातायात विनीत भटनागर, सीओ इंदु सिद्धार्थ, टीएसआई तेज प्रताप सिंह समेत सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने पुष्प चक्र एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद एसएसपी, एसपी यातायात, सीओ समेत सभी ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। सिपाही जुल्फिकार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना कर दिया गया। जुल्फिकार के भाई मुकर्रम ने बताया कि जुल्फिकार के तीन बेटियां एवं दो बेटे हैं।