बेहट। व्यापारी की दुकान के बाहर स्लैब पर बनी लोहे की रैक हटवाने पहुंचे नायब तहसीलदार और नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी का व्यापारियों ने घेराव कर हंगामा किया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की गई और कुछ देर के लिए बाजार भी बंद किया गया। विरोध के चलते दोनों अधिकारी लौट गए।
कस्बे के मुख्य बाजार में मोहल्ला महाजनान निवासी पंडित मुरारी झा की दुकान है। उन्होंने अपने पड़ोसी दुकानदार लोकेश कुमार की एसडीएम से शिकायत की थी। उनका कहना है, कि लोकेश ने अपनी दुकान के बाहर बने स्लैब पर लोहे की रैक लगवा रखी है। इससे उनकी दुकान ढकी हुई है। शिकायत के बाद शनिवार की शाम नायब तहसीलदार अनिल कुमार व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा फोर्स लेकर रैक को हटवाने के लिए जैसे ही बाजार में पहुंचे व्यापारियों ने उनका घेराव कर लिया और हंगामा करने लगे।
व्यापारियों का कहना था कि पूरे कस्बे में दुकानों के बाहर स्लैब भी बने हैं और उन पर लोहे की रैक भी लगी है। अगर कार्रवाई करनी है तो एकतरफा पूरे कस्बे में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाए। किसी एक व्यापारी को टारगेट नहीं करने दिया जाएगा। इस दौरान व्यापारियों ने अधिशासी अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की और बाजार भी बंद किया। इस बीच निवर्तमान चेयरमैन अब्दुल रहमान भी व्यापारियों के बीच पहुंचे और उनकी बात का समर्थन किया। विरोध के चलते दोनों अधिकारियों को लौटना पड़ा।
विरोध करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष अवनीश अग्रवाल, सभासद मोहित जैन, राकेश गाबा, राजेश गाबा, विकास सिंघल, अमित जैन, अंशुल सिंघल, ऋषभ जैन, सुधीर कर्णवाल, भारत भूषण खुराना, विजय धूड़िया, सोनू ग्रोवर आदि शामिल रहे।
नायब तहसीलदार ने किसी एक व्यापारी को टारगेट न करने का आश्वासन दिया है। उनका भी यही कहना है कि किसी एक व्यापारी को टारगेट न किया जाए। यदि अतिक्रमण हटवाना है, तो पूरे कस्बे में अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। वे किसी एक व्यापारी को टारगेट नहीं होने देंगे।
- अवनीश अग्रवाल, नगराध्यक्ष उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल व सभासद मोहित जैन
पड़ोसी दुकानदार की शिकायत पर नायब तहसीलदार व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को मौके पर कार्रवाई के लिए भेजा गया था। व्यापारियों ने दो दिन का समय मांगा है।
- दीपक कुमार, एसडीएम