सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से जुड़े व्यापारियों ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि बैंक में धन जमा करने और निकासी कर जाते समय व्यापारियों को परेशान न किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नाम भेजे ज्ञापन में महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा एवं महामंत्री सरदार सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि चुनावों के दौरान व्यापारियों को बैंक में रुपये जमा करने जाते एवं बैंक से निकासी कर घर या प्रतिष्ठान आते समय परेशानी का सामना करना पड़ता है। पूर्व में भी कई व्यापारियों को उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा था। व्यापारियों की पूंजी कई महीने तक जिला प्रशासन के पास जमा रही थी।
उन्होंने कहा कि लगभग हर चुनाव में मतगणना के लिए अधिकांश गल्ला मंडियों का अधिग्रहण कर लिया जाता है। जिससे व्यापार प्रभावित होता है और गल्ला व्यापारी एवं मजदूर बेरोजगार हो जाते है। उन्होंने कहा कि बैंक में पैसा जमा करने जाते समय या बैंक से निकासी के समय व्यापारियों को अनावश्यक परेशान न किया जाए।