नेहरू मार्केट में बंद दुकानो के बाहर लगी दुकानो को हटवाते व्यापारी
- फोटो : SAHARANPUR
बंद दुकानों के बाहर फेरी वालों के बैठने पर भड़के व्यापारी
सहारनपुर। अनलॉक टू शुरू होने के पहले ही दिन रोस्टर का अनुपालन करवाने और बंद दुकानों के बाहर फेरी वालों के व्यापार करने पर अन्य व्यापारी भड़क उठे। उन्होंने कहा कि जब रोस्टर के अनुसार एक साइड की दुुकानें पूरी तरह बंद होनी हैं तो फिर इस साइड में फेरी वाले ही व्यापार कैसे कर सकते हैं। नियमों के विपरीत इस तरह फेरी लगाने से अन्य व्यापारियों के कारोबार पर असर पड़ रहा है।
सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महामंत्री रवि जुनेजा सहित अन्य व्यापारियों ने बुधवार को श्रीराम चौक, नेहरू मार्केट, तिब्बत मार्केट की ओर बंद पड़ी दुकानों के बाहर फेरी लगाकर व्यापार करने वालों पर कड़ा एतराज जताया। उन्होंने कहा कि अनलॉक टू शुरू हो गया है। मगर अब तक भी दोनों ओर दुकानें खोलने की अनुमति नहीं है। पहला ही रोस्टर लागू है। इसके मुताबिक एक साइड की दुकानें बंद तो थीं। मगर इनके बाहर फेरी वाले व्यापार कर रहे हैं। ऐसे में रोस्टर का अनुपालन नहीं हो रहा है।
व्यापारी अमित बत्रा, टीनू मदान, सरदार हरजिंदर सिंह नरूला, मानस सेतिया, राजीव मदान, अभिषेक, सरदार गगनदीप, सरदार छोटू गुलाटी सहित अन्य ने फेरी वालों के पास जाकर चेतावनी दी कि वे भी रोस्टर के अनुपालन में व्यापारियों का सहयोग दें। अन्यथा या तो उन्हें ही फेरियां हटवानी पड़ेंगी या फिर वे इस मामले में आला अफसरों से मिलेंगे। व्यापारियों ने यह भी कहा कि जब एक साइड में दुकान और दूसरे में फेरी से कारोबार हो सकता है तो फिर दोनों ओर दुकानें ही क्यों नहीं खोली जा सकती हैं। यह दोहरी नीति नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि व्यापारी इस मामले में पहले भी एसपी सिटी से मिल चुके हैं। इस बारे में एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि अनलॉक टू में भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी नियमों का पालन करना ही होगा। इसलिए सभी छोटे और बड़े व्यापारी सहयोग करें। उनकी ओर से दिए जा रहे सुझावों पर भी नियमित रूप से मंथन किया जाता है।