दिल्ली रोड पर हड़ताल कर विरोध प्रदर्शन बैंक कर्मचारी
सहारनपुर। केंद्र सरकार से जुड़ी ट्रेड यूनियनों ने बुधवार को मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। हड़ताल में बैंक, बीमा, रेलवे, बिजली समेत अन्य यूनियनें शामिल रहीं। बैंकों की हड़ताल रहने से लोगों बैंकिंग संबंधी कामों के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। सभी ने एक स्वर में एनपीएस का विरोध, निजीकरण पर एतराज, यूनियनों के अधिकारों का उल्लंघन न करने की मांग की।
बैंक यूनियन ने मांगों के संबंध में की हड़ताल : यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन से जुड़े बैंक कर्मियों ने शिवाजी नगर के मुख्य गेट स्थित पीएनबी की मंडल ब्रांच के सामने प्रदर्शन किया। एआईबीईए के जिलाध्यक्ष अतुल चोपड़ा और सचिव राजीव जैन ने कहा कि सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा कंपनियों को सुदृढ़ करें। बैंकों और एलआईसी में निजीकरण पर तत्काल रोक लगाएं। बीमा क्षेत्र में सौ फीसदी के एफडीआई पर अविलंब रोक लगाएं। आउटसोर्सिंग एवं अनुबंध पर नौकरियों को खत्म कर स्थायी नौकरियां प्रदान की जाएं।
कई बैंकों के बाहर नोटिस चस्पा कर हड़ताल के चलते कैश की सुविधा न होने की जानकारी दी गई। इस मौके पर राकेश राठौर, अमित कुमार, प्रवीण कुमार, रोहित कुमार, सुरेश कुमार मौजूद रहे। एलडीएम कृशानु दास ने बताया कि हड़ताल से सेवाओं पर असर नहीं हुआ।
उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन ने किया प्रदर्शन : केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन ने स्टेशन पर गेट मीटिंग की। पदाधिकारियों ने एनपीएस और यूपीएस का विरोध किया। सचिव उपेंद्र ने सदस्यों को ओपीएस के लाभ बताए। उन्होंने कहा कि सरकार पुरानी पेंशन स्कीम लागू करें, जिससे कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपने परिवार का भरण-पोषण कर सके। इस मौके पर रामप्रीत, उपेंद्र गुप्ता, बाबू राम, रविंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।