नानौता। नगर के मित्तरगढ़ मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से सड़क किनारे लगा विद्युत पोल टूटकर सड़क की ओर झुक गया। पोल के सड़क के ऊपर झुकने से राहगीरों और वाहन चालकों को हादसे का खतरा बना है।
नगर के मित्तरगढ रोड पर सड़क किनारे लगा एक विद्युत पोल ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया है। मित्तरगढ़ मार्ग पर श्मशान घाट के साथ ही कई शिक्षण संस्थान और बिजलीघर भी स्थित हैं। इस कारण मार्ग पर दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। क्षेत्र के संपूर्ण उत्तर प्रदेश उधोग व्यापार मंडल के नगराध्यक्ष राजकुमार कालड़ा, जियालाल, सोमपाल सैनी, डॉ. केपी सैनी, विनोद कुमार, गुलशन गर्ग आदि ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त विद्युत पोल को शीघ्र बदलवाने की मांग की है। अवर अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि जल्द ही विद्युत पोल को ठीक कराया जाएगा।