देवबंद। बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने एसडीएम को पत्र देकर आरोप लगाया कि प्रबंध तंत्र ने बिना कोई सूचना दिए पेपर देने का समय बदल दिया। जिसकी वजह से वह अंतिम पेपर नहीं दे पाए। छात्रों ने मामले की जांच कराकर पेपर कराए जाने की मांग की है।
बीए प्रथम वर्ष का छात्र अभिनव चौधरी 12 से अधिक छात्रों को साथ लेकर एसडीएम संजीव कुमार के पास पहुंचा। उन्होंने एसडीएम को पत्र देकर बताया कि वह नगर के एक कॉलेज के छात्र हैं। 23 जनवरी से उनके पेपर शुरु हुए थे, जो एक माह चलने थे। पेपर का समय सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा गया था। जबकि एडमिट कार्ड में अंतिम पेपर का समय दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक दिया हुआ है। 23 फरवरी को उनका अंतिम पेपर होना था। जब वह देवबंद-गंगोह बाईपास स्थित कॉलेज में लगे सेंटर में दोपहर एक बजे पेपर देने पहुंचे तो वहां प्रधानाचार्य ने उन्हें बताया कि पेपर देने का समय 12 बजे तक का था जो हो चुका है। प्रधानाचार्य ने बेक भरकर दोबारा पेपर देने की बात भी कही। छात्र हिमांशु, विशाल, अजय कुूमार, विनायक त्यागी, मोंटी, रोहित कुमार, सौरभ, विशेष, विवेक, अंकित आदि का कहना है कि इसमें कॉलेज की गलती है, फिर छात्रों का भविष्य क्यों बरबाद हो। उन्होंने एसडीएम से मामले की जांच कराकर पेपर दिलाए जाने की मांग की है।