नानौता। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की बाइक सहित तीन चोर गिरफ्तार किए हैं। पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने नौ बाइक व एक्टिवा का एक इंजन भी बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार देर शाम पुलिस टीम द्वारा भारी झाल पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को आता देख पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवार भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पकड़े गए युवकों की जांच की तो उनके पास से चोरी की बाइक मिली। पकड़े गए युवकों को थाने पर लाकर की गई पूछताछ में युवकों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देना बताया। पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर नहर किनारे खड़े झुंडों से चोरी की नौ बाइकों सहित एक एक्टिवा का इंजन भी बरामद किया है।
पुलिस ने बाइक चोरी में पकड़े गए आरोपियों सोनू पुत्र धर्मपाल, अश्वनी उर्फ बिट्टू पुत्र ओमप्रकाश तथा संदीप पुत्र राजबीर सिंह निवासीगण भावसी रायपुर को न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने बताया कि तीनों चोरों को नशे की आदत लगी हुई है। जिसे पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।